बागेश्वर: बागेश्वर में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी एन. एस. नबियाल की अध्यक्षता में 02 जुलाई 2026 को जनपद की चारों तहसीलों में आयोजित होने वाले आपदा आधारित मॉक अभ्यास की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
दिए जरूरी निर्देश
जिस पर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभ्यास को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय पर आवश्यक संसाधनों एवं उपकरणों के साथ उपस्थित रहकर मॉक अभ्यास को प्रभावी एवं सफल बनाने के निर्देश दिए। मॉक अभ्यास के दौरान प्रमुख आपदाओं—भूकंप, भूस्खलन तथा अतिवृष्टि/क्लाउडबर्स्ट—पर आधारित काल्पनिक आपदा परिदृश्यों का अभ्यास किया जाएगा। बागेश्वर में बादल फटने एवं भूस्खलन, गरुड़ में 7.2 तीव्रता के भूकंप, कपकोट में अतिवृष्टि से सरयू नदी में लोगों के फंसने तथा कांडा में भूस्खलन से मोटर मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। मॉक अभ्यास में पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, विद्युत विभाग, पशुपालन विभाग, राजस्व विभाग, होमगार्ड, आपदा मित्र सहित विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों की टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रत्येक तहसील में संबंधित उपजिलाधिकारी/इंसिडेंट कमांडर के नेतृत्व में अभ्यास का संचालन किया जाएगा।