उपलब्धि: शिक्षिका डॉ श्वेता मजगांई ने उत्तराखंड को किया गौरवान्वित, मिला इनोवेटिव टीचर श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ शिक्षक का पुरस्कार

नई दिल्ली में दिनांक 9 मार्च 2026 को ग्रैंड होटल हयात रीजेंसी में श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित हुआ। इस समारोह में राजकीय जूनियर हाई स्कूल विजयपुर कोटाबाग की विज्ञान अध्यापिका डॉक्टर श्वेता मजगाॅई को सम्मानित किया गया है।

किया गया सम्मानित

जानकारी के अनुसार इसके लिए लगभग 40000 शिक्षकों मे से  देश के विभिन्न राज्यों से 40 शिक्षकों को सम्मान हेतु चयनित किया गया। जिसमें उत्तराखंड की अध्यापिका डॉक्टर श्वेता मजगाॅई को इनोवेटिव टीचर श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ शिक्षक के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उत्तराखंड से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त करने वाली डॉक्टर श्वेता मजगांई एकमात्र अध्यापिका है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय शिक्षा मंत्री भारत सरकार धर्मेंद्र प्रधान रहे। भारत के शिक्षा मंत्री के हाथों यह पुरस्कार पाकर श्वेता मजगाॅई ने उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है। उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार में सम्मान पत्र, मोमेंटो और एक सैमसंग गैलेक्सी टेबलेट देकर सम्मानित किया गया।

खास है बच्चों को सिखाने का तरीका

डॉ श्वेता मजगांई विज्ञान के जटिल प्रकरणों को सरलता से कबाड़ से जुगाड़ आधारित मॉडलों, करके सीखना और व्यावहारिक विज्ञान के रूप में छात्र-छात्राओं को सिखाती हैं। डॉ श्वेता मजदूरी शिक्षा तथा समाज की मुख्य धारा से दूर बच्चों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने एवं विज्ञान शिक्षा के प्रति उनकी रुचि उत्पन्न करने में सहायता प्रदान करती हैं। विज्ञान महोत्सव, विज्ञान प्रदर्शनी,  विज्ञान आविष्कार, विज्ञान क्विज, बाल वैज्ञानिक इंस्पायर अवार्ड आदि प्रतियोगिताओं में उनके छात्र-छात्राएं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद तथा राज्य का राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इस वर्ष भी डॉक्टर श्वेता मजगांई के निर्देशन में उनके दो छात्रों का भारत सरकार की योजना इंस्पायर अवार्ड-मानक 2025-26 में बाल वैज्ञानिक के रूप हुआ है।

दी शुभकामनाएं

उनकी उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, प्रधानाध्यापक, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों, खंड शिक्षा अधिकारी  महोदय एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी महोदय ने प्रसन्नता व्यक्त की है। अपने सम्मान को डॉ श्वेता मजगांई ने अपने माता-पिता, परिवार एवं अपने छात्र-छात्राओं को समर्पित किया है।