अल्मोड़ा: 20 सूत्रीय कार्यक्रम: लक्ष्य पूरा न करने वाले विभागों पर बिफरे डीएम, दिए कड़े निर्देश

अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने विकास कार्यों की सुस्त रफ्तार पर कड़ा रुख अपनाया है। आज बुधवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी।

रैंकिंग सुधारने पर दिया जोर

​बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि 20 सूत्रीय कार्यक्रम सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी के आधार पर जिलों और विभागों की रैंकिंग तय होती है। उन्होंने कहा कि कम रैंकिंग वाले विभाग अपनी कार्यशैली सुधारें। कार्यों का क्रियान्वयन पारदर्शी और शत-प्रतिशत होना चाहिए ताकि जिले की ओवरऑल रैंकिंग प्रभावित न हो।

फील्ड में उतरने के निर्देश

​जिलाधिकारी ने अधिकारियों को केवल दफ्तरों तक सीमित न रहने की सलाह दी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी फील्ड स्तर पर जाकर कार्यों की वास्तविक प्रगति का निरीक्षण करें।‌ निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मौजूद रहे मुख्य अधिकारी

​समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा और जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी को समन्वय के साथ काम करते हुए विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के निर्देश दिए।