अल्मोड़ा जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। कुमाऊं रेजीमेंट सेंटर के जवानों का 34 सदस्यीय दल त्रिशूल पर्वत फतेह कर तिरंगा फहराने के लिए रवाना हुआ। कुमाऊं रेजीमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर गौरव बग्गा ने दल को फ्लैग देकर रवाना किया।
अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं लेफ्टिनेंट कमल मनोज जोशी
7130 मीटर ऊंचाई पर स्थित माउंट त्रिशूल पर तिरंगा फहराने के इस अभियान में कुमाऊं और नागा रेजीमेंट के दो अधिकारी, पांच जेसीओ और 27 जवान शामिल हैं। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कमल मनोज जोशी कर रहे हैं जो पूर्व में कई दलों के साथ एवरेस्ट चोटी भी फतेह कर चुके हैं।
सेना के जवानों ने वर्ष 2013 में भी त्रिशूल पर्वत पर की थी चढ़ाई
पर्वतारोही दल को गोचर सुतोल होते हुए हेमकुंड पहुंचना है। कमांडेंट ब्रिगेडियर गौरव बग्गा ने मनोज जोशी को फ्लैग देते हुए दल को रवाना किया। उन्होंने बताया कि सेना के जवानों ने वर्ष 2013 में भी त्रिशूल पर पर्वतारोहण किया था। दल के साथ मेजर भरत के नेतृत्व में सैन्य चिकित्साकर्मी भी शामिल हैं। उन्होंने जवानों को शुभकामनाएं दी हैं।
जानें कहां है त्रिशूल पर्वत
त्रिशूल (Trishul) हिमालय की तीन चोटियों के समूह का नाम है, जो पश्चिमी गढ़वाल में स्थित हैं। यह उत्तराखंड राज्य के मध्य में चमोली के निकट हैं। यह नन्दा देवी पर्वत से पश्चिम दक्षिण-पश्चिम दिशा में 15 कि॰मी॰ (9मील) दूर नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान को घेरते हुए शिखरों के समूह का दक्षिण-पूर्वी भाग है।
मौजूद रहे
इस अवसर पर डिप्टी कमांडेंट सुनील कटारिया मौजूद रहे।