अल्मोड़ा: देवस्थल में शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन, किया एकजुटता का आह्वान

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आज‌ रविवार को हवालबाग के देवस्थल में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया।

सम्मेलन का आयोजन

इस सम्मेलन में हिंदुत्व, सामाजिक समरसता, राष्ट्रबोध और भविष्य की रणनीतियों पर गहन मंथन किया गया। इस सम्मेलन में मुख्य वक्ता डॉ. लक्ष्मण सिंह भोज और भावना मल्होत्रा ने विचार रखे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का उद्देश्य केवल संगठन खड़ा करना नहीं, बल्कि चरित्रवान, राष्ट्रनिष्ठ और समाज के प्रति उत्तरदायी नागरिकों का निर्माण करना है। संघ के स्वयंसेवक बिना किसी अपेक्षा के समाज सेवा में जुटे हैं। कहा कि आज आवश्यकता है कि युवा अपने समय और सामर्थ्य का कुछ अंश राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित करें। कार्यक्रम संरक्षक बृहस्पति गिरी महाराज ने कहा कि हिंदुत्व किसी एक पंथ या वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की वह पद्धति है जिसमें समरसता, सेवा, संस्कार और सत्य समाहित हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को एकजुट रखते हुए सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक हिंदू का कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी परंपराओं को समझें और आधुनिकता के साथ संतुलन बनाकर आगे बढ़ें। इसके अलावा सम्मेलन में अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ।

रहें मौजूद

इस मौके पर जिला प्रचारक प्रमुख राजेंद्र जोशी, जिला सेवा प्रमुख सुरेश कांडपाल, ब्लॉक प्रमुख हवालबाग हिमानी कूंडू, देवेंद्र सिंह नयाल, युवा प्रमुख प्रकाश बिष्ट, अमित साह, मंडल प्रमुख संजय बिष्ट, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला, पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष ललित लटवाल, विश्व हिंदू परिषद के संगठन मंत्री वेद प्रकाश, अंजली शर्मा, गोकुल मेहता, भाजपा जिला मंत्री सुनील बिष्ट, दिनेश बिष्ट, कैलाश गोस्वामी, आनंद डंगवाल, अर्जुन बिष्ट, सुंदर मटियानी, मनीष बिष्ट, कुंदन सिंह बिष्ट समेत बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और बच्चें मौजूद रहे।