अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आज रविवार को अल्मोड़ा के सिमकनी मैदान में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया।
सम्मेलन का आयोजन
इस सम्मेलन में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रांत बौद्धिक प्रमुख रेखा जोशी और आरएसएस के शारीरिक शिक्षण प्रमुख सुनील ने अपने-अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि संघ के लोगों ने हमेशा हिंदुओं को जगाने का काम किया है। हिंदू समाज के लोग अपनी संस्कृति को छोड़कर विदेशी संस्कृति को ओर भाग रहे हैं, जिसके भविष्य में गंभीर परिणाम होंगे। कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का उद्देश्य केवल संगठन खड़ा करना नहीं, बल्कि चरित्रवान, राष्ट्रनिष्ठ और समाज के प्रति उत्तरदायी नागरिकों का निर्माण करना है। कहा कि हिंदुत्व किसी एक पंथ या वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की वह पद्धति है जिसमें समरसता, सेवा, संस्कार और सत्य समाहित हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को एकजुट रखते हुए सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक हिंदू का कर्तव्य है। साथ ही इस सम्मेलन में हिंदुत्व, सामाजिक समरसता पर मंथन के साथ ही हिंदू समाज के सभी वर्गों से एकजुट होने की अपील की।
निकाली गई बाइक रैली
हिंदू सम्मेलन के मौके पर युवाओं ने नगर के लक्ष्मेश्वर तिराहे मालरोड होते हुए कार्यक्रम स्थल सिमकनी खेल मैदान तक बाइक रैली निकाली। इस दौरान बाइक रैली में बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रतिभाग किया। वहीं, महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज धज चौघानपाटा से सिमकनी तक पैदल मार्च निकाला। इस अवसर पर पूरा क्षेत्र जय श्री राम के नारे से गुंजामय हो उठा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
हिन्दू सम्मेलन के शुभारंभ मौके पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। जिसमें हास्य कलाकार मोहन ने कॉमेडी और अमित भट्ट के मार्गदर्शन में देवभूमि सांस्कृतिक समिति से जुड़े कलाकारों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं, नारायण थापा एवं पीरूल संस्था की ओर से शानदार छोलिया नृत्य की प्रस्तुति दी गई। साथ ही मां अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज और त्रिपुरा सुंदरी महिला समिति का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
रहे मौजूद
इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, मेयर अजय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, पूर्व विस उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री बिट्टू कर्नाटक, गोविंद पिलख्वाल, भाजपा जिला महामंत्री दर्शन रावत, रवि रौतेला, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावत, चंद्र प्रकाश फुलोरिया, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री हरीश कनवाल, देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख आनंद सिंह कनवाल, शैलेंद्र साह, कुंदन लटवाल, अमित साह मोनू, संजय बिष्ट, सुनील बिष्ट, सुंदर मटियानी, प्रकाश भट्ट, दर्शन रावत, नीरज सांगा, डॉ. वसुधा पंत, प्रियांशु डसीला, भूपेंद्र कनवाल, राहुल कनवाल, मनीष, भूमित, वीरेंद्र, एके सिंकदर पवार, कैलाश गुरुरानी, नमन गुरुरानी, मंगल बिष्ट, नवीन बिष्ट, अर्जुन सिंह, विनोद कनवाल, भूपेंद्र आर्या, रेखा आर्या, जगमोहन बिष्ट, सौरव वर्मा, मनोज तिवारी, सुनील कर्नाटक समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।