अल्मोड़ा/हवालबाग: विश्व योग दिवस के शुभ अवसर पर हवालबाग विकासखंड के दौलाघाट में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का आयोजन
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हवालबाग के अध्यक्ष शिवराज नयाल के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में ‘बृज लाल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर हल्द्वानी’ के निदेशक डॉ. अजय पाल का विशेष सहयोग रहा। शिविर में क्षेत्र के करीब 300 ग्रामीणों ने हड्डी, नेत्र, स्त्री एवं बाल रोग सहित विभिन्न बीमारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया और निःशुल्क दवाइयां प्राप्त कीं। शिविर में पहुंचे बृज लाल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. अजय पाल ने पहाड़ों में बढ़ रही स्वास्थ्य समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज मौसम में हो रहे बदलाव और बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण के कारण हमारे पहाड़ में भी कई गंभीर रोगों ने पैर पसार लिए हैं। इनमें हृदय रोग, शुगर (मधुमेह) और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। इन रोगों से बचाव के लिए नियमित व्यायाम, सही खान-पान और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना बेहद जरूरी है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने नशे के खिलाफ महिलाओं से मांगी भागीदारी
शिविर में मुख्य रूप से मौजूद कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने क्षेत्र में पैर पसारते नशे पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने वहां उपस्थित मातृशक्ति से भावुक अपील करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे आंदोलन में महिलाओं को बढ़-चढ़कर आगे आना होगा, क्योंकि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म नहीं किया जा सकता।
जताया आभार
हवालबाग के ब्लॉक अध्यक्ष शिवराज सिंह नयाल ने सुदूर क्षेत्र दौलाघाट में इतना बड़ा स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के लिए डॉ. अजय पाल और हल्द्वानी से आई डॉक्टरों की पूरी टीम (जिसमें हड्डी रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं फिजिशियन शामिल थे) का आभार प्रकट किया।
रहे मौजूद
इस जनकल्याणकारी शिविर को सफल बनाने में अनेक वरिष्ठ नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा, जिनमें मुख्य रूप से भूपेन्द्र सिंह भोज (कांग्रेस जिलाध्यक्ष), शिवराज नयाल (ब्लॉक अध्यक्ष, हवालबाग), रमेश भाकुनी (पूर्व ब्लॉक प्रमुख), दिनेश पिलख्वाल (कांग्रेस जिला महामंत्री), बहादुर मेहता (ब्लॉक अध्यक्ष, ताकुला), राजेन्द्र बिष्ट (ब्लॉक अध्यक्ष, मजखाली), आशीष कुमार (पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष), पंकज पाठक, राजेंद्र नेगी, प्रकाश आर्या, कैलाश तिवारी, राजेंद्र जोशी और कमला आर्या सहित कई स्थानीय ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद रहें।