अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत के नैनी (मजखाली) निवासी नायब सूबेदार और सेना मेडल से सम्मानित इंदर सिंह अधिकारी ने बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया है।
सफलतापूर्वक फतह की यह चोटी
मिली जानकारी के अनुसार इंदर ने हाल ही में माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। दरअसल इंदर इंडियन आर्मी सिल्वर जुबली एवरेस्ट एक्सपीडिशन के तहत चले साहसिक अभियान का हिस्सा बने। जिसमे 10 अप्रैल 2025 को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की थी। कुल 32 सदस्यीय इस टीम का नेतृत्व कर्नल मनोज जोशी ने किया। कठिन परिस्थितियों और विषम मौसम के बावजूद दल ने 27 मई की सुबह विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को सफलतापूर्वक फतह किया।
युवाओं को दिया यह संदेश
इसके साथ ही इस दल के 22 सदस्यों ने एक साथ एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। जिस पर भारतीय सेना में नायब सूबेदार एवं रानीखेत तहसील अंतर्गत नैनी (मजखाली) निवासी इंदर सिंह अधिकारी ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को संदेश दिया कि सपनों को सच में बदलने के लिए चुनौतियों का डटकर मुकाबला करें।