अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं को हाईटेक बनाने की दिशा में अल्मोड़ा जिला अस्पताल ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
चेहरे किया जाएगा स्कैन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब अस्पताल में मरीजों को खून की जांच के लिए सुई चुभवाने और घंटों इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अस्पताल परिसर में पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित एडवांस जांच किट स्थापित की गई है। अस्पताल के पर्ची काउंटर के पास लगाई गई यह एआई किट बेहद आधुनिक है। इसमें मरीज के चेहरे को स्कैन किया जाता है और मात्र 20 से 60 सेकंड के भीतर जांच रिपोर्ट तैयार हो जाती है। यह सुविधा पूरी तरह से ‘नॉन-इनवेसिव’ है, यानी इसमें शरीर से खून निकालने के लिए सुई का इस्तेमाल नहीं होता है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, यह आधुनिक मशीन “अमृत स्वस्थ भारत” योजना के तहत लगाई गई है।
इन जांचों में मिलेगी मदद
इस नई तकनीक के जरिए शरीर के कई महत्वपूर्ण संकेतकों का आकलन किया जा सकेगा, जिनमें मुख्य हैं-
• ब्लड प्रेशर (BP)
• ऑक्सीजन लेवल
• हीमोग्लोबिन
• स्ट्रेस लेवल (तनाव)
अस्पताल प्रबंधन का बयान
जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी ने बताया कि एआई आधारित इस सुविधा से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि
”यह तकनीक न केवल समय बचाएगी, बल्कि जांच प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और सुविधाजनक बनाएगी। मरीजों को अब तुरंत रिपोर्ट मिल सकेगी, जिससे उनका इलाज जल्दी शुरू हो सकेगा।”