अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला संगठन ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर आधारित एक प्रदर्शनी का आयोजन किया।
प्रदर्शनी का आयोजन
यह प्रदर्शनी चौघानपाटा में लगाई गई, जिसमें अटल जी के विभिन्न चित्र प्रदर्शित किए गए। अटल जी के जीवन, विचारों और योगदान पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इस मौके पर वक्ताओं ने अटल जी को भारतीय राजनीति का अजात शत्रु बताया। जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अटल जी केवल एक नेता नहीं, बल्कि एक सोच थे और सभी के दिलों पर राज करते थे। महेश नयाल ने बताया कि अटल जी एक कुशल राजनीतिज्ञ होने के साथ-साथ देश को राजनीति और दल से ऊपर रखते थे। उन्होंने जिनेवा सम्मेलन का उदाहरण देते हुए बताया कि विपक्ष में रहते हुए भी उन्होंने भारत का पक्ष रखने के लिए सरकार का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने यह भी कहा कि उनका जन्मदिन के अवसर पर पार्टी सप्ताह भर कार्यक्रम कर रही है और उनके जन्मदिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया ,और विकसित भारत के उनके सपने को प्रधानमंत्री मोदी साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी ने 1980 में भाजपा के गठन के बाद मुंबई में हुए पहले अधिवेशन को याद किया, जहां अटल बिहारी वाजपेयी ने पार्टी के पहले अध्यक्ष के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि ‘भाजपा का अध्यक्ष पद कोई अलंकार की वस्तु नहीं है। यह पद नहीं, दायित्व है। प्रतिष्ठा नहीं, परीक्षा है।’ उन्होंने अटल जी के उस भाषण के अंतिम शब्दों को दोहराया, जिसमें उन्होंने ‘कमल खिलेगा’ की भविष्यवाणी की थी।
‘अंधेरा छटेगा सूरज निकलेगा ‘कमल खिलेगा” का किया उल्लेख
भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने अटल जी के कथन ‘अंधेरा छटेगा सूरज निकलेगा ‘कमल खिलेगा” का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज अधिकांश राज्यों में भाजपा गठबंधन की सरकारें हैं, जो अटल जी के सपनों को साकार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी केवल एक नेता नहीं, बल्कि एक सोच थे। उन्होंने जोर दिया कि अटल जी एक कुशल राजनीतिज्ञ थे, लेकिन उनके लिए राजनीति और दल से बढ़कर देश था।
रवि रौतेला ने कहा कि उत्तराखंड की आज की प्रगति, अटल जी की दूरदर्शिता का परिणाम है। वे कवि हृदय के थे, लेकिन देशहित में परमाणु परीक्षण जैसे साहसिक फैसले लेने वाले मजबूत नेता भी थे। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी को पूरा देश और भारतीय जनता पार्टी नमन करती है। उन्होंने बताया कि वाजपेयी न केवल देश के प्रधानमंत्री थे, बल्कि एक कुशल कवि और पत्रकार भी थे। उनकी कविताओं में राष्ट्रभक्ति, मानवीय संवेदना और सामाजिक चेतना की झलक मिलती है। पत्रकारिता के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी लेखनी से लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने सिद्धांतों, संवेदनशीलता और दूरदर्शी नेतृत्व के माध्यम से देश को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का सशक्त स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि यह छाया चित्र प्रदर्शनी न केवल अटल जी के राजनीतिक जीवन को दर्शाती है, बल्कि उनके मानवीय दृष्टिकोण और राष्ट्र के प्रति समर्पण को भी प्रभावी रूप से प्रस्तुत करती है।
रहें उपस्थित
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष महेश नयाल, नगर अध्यक्ष भाजपा अल्मोड़ा विनीत बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, जिला उपाध्यक्ष भाजपा अल्मोड़ा नरेंद्र आगरी, जिला मंत्री भाजपा मनोज जोशी, नगर महामंत्री भाजपा देवेंद्र भट्ट, नगर महामंत्री अर्जुन बिष्ट, पूर्व जिला उपाध्यक्ष कैलाश गुरुरानी, पूर्व मंडल अध्यक्ष ललित मेहता, निशा बिष्ट सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।