अल्मोड़ा: जिले के सभी 11 ब्लॉक में भारतनेट सर्वे पूरा, दूरस्थ गांवों तक जल्द पहुँचेगा डिजिटल नेटवर्क

अल्मोड़ा: कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय टेलीकॉम समिति की बैठक में जनपद में दूरसंचार सेवाओं के विस्तार और डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर गहन चर्चा हुई।

बैठक का आयोजन

इस बैठक में भारतनेट परियोजना, बीएसएनएल मोबाइल नेटवर्क की स्थिति और 4जी सैचुरेशन कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि भारतनेट परियोजना के तहत जिले के सभी 11 विकासखंडों में फिजिकल सर्वे का काम शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है, जबकि 8 विकासखंडों में वर्क ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक इंटरनेट सुविधा पहुंचाना है।
​वहीं, बीएसएनएल अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले में वर्तमान में 143 मोबाइल साइटें पूरी तरह से काम कर रही हैं। इसके अलावा 4जी सैचुरेशन परियोजना के तहत प्रस्तावित 36 नई मोबाइल साइटों में से 29 साइटों को ऑन एयर कर दिया गया है। बची हुई 7 साइटों के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में नेटवर्क विहीन और कमजोर कनेक्टिविटी वाले दूरदराज के क्षेत्रों में जल्द से जल्द बेहतर सिग्नल और इंटरनेट पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
​
रहें उपस्थित

इस अवसर पर संभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु सिंह, परियोजना निदेशक (ग्राम्य विकास) केएन तिवारी, उपजिलाधिकारी संजय कुमार और बीएसएनएल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।