अल्मोड़ा ब्रेकिंग: नगर निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा, बताई यह वजह

उत्तराखंड निकाय चुनाव को लेकर पार्टियां‌ तैयारियों में लगी हुई है। उम्मीदवार को चुनने से लेकर पार्टी के जनाधार को बढ़ाने के लिए पार्टियां हर दिन काम कर रहा है। वहीं दूसरी ओर साल के पहले दिन आज अल्मोड़ा कांग्रेस को भारी झटका लगा है । जब कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष,पूर्व में कांग्रेस के नगर से लेकर प्रदेश तक के पदों में रह चुके पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने देहरादून में एक प्रेस वार्ता आयोजित कर कांग्रेस को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया।

कहीं यह बात

पूर्व दर्जा मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बिट्टू कर्नाटक ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि कांग्रेस में नैतिक मूल्यों का अब कोई स्थान नहीं रह गया है,लगातार पार्टी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हो रही है जिसका जीता जागता उदाहरण नगर निगम चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ताओं को मेयर का टिकट न देकर बाहरी व्यक्ति को पार्टी का टिकट देकर सर आंखों पर बिठाना है। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता वर्षों से कांग्रेस को मजबूत करने का काम कर रहे हैं चुनाव के वक्त उनका दरकिनार कर केवल दरी बिछाने का काम कांग्रेस पार्टी लेती है,उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में अनुशासन नाम की कोई चीज नहीं है। केवल पैसे वाले पैराशूट प्रत्याशियों को लाकर कार्यकर्ताओं के सर पर बैठाया जा रहा है,उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा ओबीसी सीट होने के बाद कांग्रेस ने अपने जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को टिकट न देकर मात्र एक दिन के भीतर बाहरी व्यक्ति को कांग्रेस की सदस्यता दिलवाकर टिकट का भी आवंटन कर दिया।उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतों से पार्टी का आम कार्यकर्ता आज निराश है।

आज पदभ्रमित हो गई पार्टी

कहा कि उन्होंने पार्टी में अपने 35 साल दिए। लेकिन आज भारी मन से उन्होंने यह बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी ने देश को आजाद कराया। जिस पार्टी ने एक लंबा विकास का इतिहास लिखा। वह पार्टी आज पदभ्रमित हो गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी का सामान्य कार्यकर्ता जो सालों से पार्टी की सेवा करता है उसको इस पार्टी में दुत्कार के सिवा कुछ नहीं मिलता है,उन्होंने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस में आम कार्यकर्ताओं के लिए चुनिंदा नेताओं का व्यवहार चल रहा है यह कांग्रेस को निरंतर पतन की ओर ले जाएगा और निश्चित रूप से कांग्रेस के चुनिंदा नेताओं की हरकतों के कारण जो कांग्रेस रूपी जहाज है बहुत जल्द कार्यकर्ता विहीन होगा और अंततः विलुप्त हो जाएगा।