सोमेश्वर/अल्मोड़ा: प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ताकुला मंडल के अंतर्गत विभिन्न गांवों का सघन दौरा किया।
सुनी जनसमस्याएं
इस मौके पर जनमिलन कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीणों के बीच पहुंचीं मंत्री ने न केवल उनकी समस्याएं सुनीं, बल्कि क्षेत्र के विकास के लिए अपनी विधायक निधि से 22 लाख रुपये देने की महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मंत्री रेखा आर्या ने इसलना खाड़ी, सुनौली और भैसोड़ी गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पानी, नेटवर्क और मंदिरों के सौंदर्यीकरण से जुड़ी मांगें प्रमुखता से उठाईं।
प्रमुख घोषणाएं और वित्तीय आवंटन
मंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए मौके पर ही धनराशि स्वीकृत की। जिसमें
• इसलना खाड़ी: सड़क कटिंग के लिए 2.5 लाख और स्थानीय देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु 2 लाख रुपये।
• सुनौली: पांच सीसी मार्गों के निर्माण के लिए 8 लाख और प्रसिद्ध गणनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 3 लाख रुपये।
• भैसोड़ी: नरसिंह देवता मंदिर के लिए 3 लाख और कज्यरो देवता मंदिर के लिए 1.5 लाख रुपये।
प्रतिभा का सम्मान और अन्य आश्वासन
इसलना खाड़ी में मंत्री ने विज्ञान प्रदर्शनी में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा प्रियांशी पंत को सम्मानित किया और उन्हें 5000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। सुनौली में मोबाइल नेटवर्क की समस्या पर उन्होंने केंद्र सरकार से पत्राचार करने का भरोसा दिया, वहीं जंगली जानवरों से खेती की सुरक्षा के लिए तारबाड़ के कार्य को जल्द शुरू करने की बात कही, जिसका सर्वे पूर्ण हो चुका है।