अल्मोड़ा: धोखाधड़ी का मामला, बैंक प्रबंधक और शराब अनुज्ञापी पर दर्ज हुआ मुकदमा

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में
कोसी में मदिरा की दुकान की महिला अनुज्ञापी और एसबीआई की पुभाउ शाखा प्रबंधक पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।

जानें क्या है मामला

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार आबकारी निरीक्षक एनएस मर्तोलिया ने तहरीर दी। तहरीर में कहा कि दीपा कांडपाल, निवासी मटेला सल्ला रौतेला, कोसी स्थित मदिरा दुकान की अनुज्ञापी है। बीते वर्ष से नवीनीकरण के तहत वह दुकान का संचालन कर रही है। उन्होंने बताया कि अनुज्ञापी से वर्ष 2023-24 का 28 लाख 96 हजार 311 रुपये राजस्व वसूला जाना शेष है। साथ ही द्वितीय प्रतिभूति के रूप में एसबीआई शाखा पुभाउ में 40 लाख 96 हजार 311 रुपये बैंक गारंटी प्रस्तुत की थी। बैंक की ओर से गारंटी की रकम का सत्यापन भी किया गया। अब जब बकाए की राशि वसूली के लिए बैंक से संपर्क किया गया तो खाते में धनराशि नहीं मिली।

जांच कर रही पुलिस

इस मामले में आबकारी निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही जांच शुरू कर दी है।