अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है। यदि आपने सिलेंडर तो ले लिया है लेकिन उसका डीएसी (Delivery Authentication Code) एजेंसी को नहीं दिया है, तो आप अगले सिलेंडर की बुकिंग नहीं कर पाएंगे। आज सोमवार को चौघानपाटा स्थित इंडेन गैस एजेंसी के बाहर इस समस्या को लेकर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखी गई।
उपभोक्ताओं की लंबी भीड़
रसोई गैस की कालाबाजारी रोकने और सही उपभोक्ता तक सिलेंडर पहुँचाने के लिए विभाग ने ओटीपी आधारित ‘डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड’ (DAC) सिस्टम अनिवार्य किया है। नियम के अनुसार गैस बुकिंग के समय ग्राहक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक कोड आता है। सिलेंडर प्राप्त करते समय यह कोड डिलीवरी बॉय को देना या ऑनलाइन दर्ज कराना अनिवार्य है। एक सिलेंडर लेने के 25 दिन बाद ही दूसरी बुकिंग संभव है। इन 25 दिनों की गिनती उस दिन से शुरू होती है, जिस दिन डीएसी कोड सिस्टम में ऑनलाइन दर्ज होता है।
उपभोक्ताओं की लापरवाही पड़ सकती है भारी
चौघानपाटा इंडेन गैस एजेंसी के अनुसार, कई उपभोक्ताओं ने सिलेंडर तो प्राप्त कर लिया है, लेकिन डीएसी कोड देना भूल गए या उन्होंने गलत कोड उपलब्ध कराया है। ऐसे उपभोक्ताओं का डेटा ऑनलाइन अपडेट नहीं हो पाया है। इसका सीधा मतलब यह है कि सिस्टम की नज़र में उन्हें अभी तक सिलेंडर मिला ही नहीं है, जिससे उनकी 25 दिनों की ‘वेटिंग अवधि’ शुरू ही नहीं हुई। ऐसे में जब वे दोबारा बुकिंग की कोशिश करेंगे, तो उनका आवेदन रिजेक्ट हो जाएगा। इस संबंध में मुकेश जलाल, प्रबंधक, इंडेन गैस एजेंसी अल्मोड़ा
ने बताया कि कई लोगों ने सिलेंडर लेते समय डीएसी कोड नहीं दिया या गलत कोड दे दिया, जिससे उनका डिलीवरी डेटा ऑनलाइन नहीं हो पाया है। नियम के मुताबिक, जिस दिन डेटा ऑनलाइन होगा, उसी दिन से अगले 25 दिन गिने जाएंगे। भविष्य में परेशानी से बचने के लिए उपभोक्ता जल्द से जल्द अपना कोड दर्ज करा लें।
उपभोक्ता क्या करें?
• अपने मोबाइल के मैसेज बॉक्स में बुकिंग के समय आए ओटीपी (DAC) को सुरक्षित रखें।
• यदि आप कोड देना भूल गए हैं, तो तुरंत गैस एजेंसी जाकर या संबंधित पोर्टल/ऐप के माध्यम से इसे ऑनलाइन दर्ज करवाएं।
• डिलीवरी बॉय को सिलेंडर लेते समय ही सही कोड देना सुनिश्चित करें ताकि डेटा तुरंत अपडेट हो सके।