अल्मोड़ा: विकास भवन सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
दिए यह निर्देश
इस बैठक में विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर एवं जागेश्वर के अंतर्गत 4 जुलाई 2021 से अब तक माननीय मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं की प्रगति का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन योजनाओं पर काम चल रहा है, उनकी अद्यतन स्थिति को नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड किया जाए। साथ ही कार्यों की गति बढ़ाने के साथ-साथ निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। परियोजनाओं के मार्ग में आ रही किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक बाधा को तुरंत दूर किया जाए।
कहीं यह बात
बैठक के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की निरंतर समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग निर्धारित प्रारूप में अद्यतन सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि शासन स्तर पर होने वाली बैठकों में सही आंकड़े प्रस्तुत किए जा सकें। कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाएं जनहित से जुड़ी हैं। इन कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के प्रमुखों ने अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर के.एन. तिवारी परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास अभिकरण, रेणु भंडारी जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी व विभिन्न संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और अभियंता मौजूद रहें।