अल्मोड़ा: खेत के विवाद में खूनी खेल: 75 वर्षीय ‘राजा बाबू’ ने बुजुर्ग महिला की दराती से ली जान, 2 घंटे में पुलिस ने किया गिरफ्तार

अल्मोड़ा: जनपद के देघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रतखेत (स्याल्दे) में खेत-क्यारियों के पुराने विवाद को लेकर एक 75 वर्षीय बुजुर्ग ने 65 वर्षीय महिला की दराती से वार कर हत्या कर दी।

पुलिस की कार्यवाही

इस घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने जंगलों व पहाड़ी क्षेत्रों में कॉम्बिंग अभियान चलाकर नामजद आरोपी राजे सिंह बोरा उर्फ ‘राजा बाबू’ (75 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। अभियुक्त की निशानदेही पर आला कत्ल (लोहे की दराती) भी बरामद कर ली गई है। मिली जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर को ग्राम रतखेत निवासी हरीश चंद्र ढौडियाल ने पुलिस को सूचना दी कि राजे सिंह नाम के व्यक्ति ने उनकी बहन तुलसी देवी (65 वर्ष) के साथ गाली-गलौज करते हुए दराती से जानलेवा हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष देघाट अजेन्द्र प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल महिला को पीएचसी स्याल्दे पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया।

भेजा जेल

​पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि पिछले चार सालों से खेत-क्यारियों को लेकर उनका विवाद चल रहा था। 19 सितंबर को भी इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर दराती से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस टीम में रहें शामिल

गिरफ्तारी करने वाली देघाट थाना पुलिस टीम में थानाध्यक्ष एवं विवेचक अजेन्द्र प्रसाद, उपनिरीक्षक गंगा राम गोला, हेड कांस्टेबल नीरज बिष्ट, हेड कांस्टेबल करुण मिश्रा तथा कांस्टेबल अशोक बिष्ट शामिल रहे।