अल्मोड़ा: विकास और विरासत साथ-साथ: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कुवाली में दो मंदिरों के सौंदर्यीकरण का किया शिलान्यास

अल्मोड़ा: सोमेश्वर विधानसभा के अंतर्गत कुवाली गांव में शनिवार को धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया।

किया शिलान्यास

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने यहाँ स्थित आदि बद्रीनाथ मंदिर और पिपलेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्यों का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।
​मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मिली सौगात सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मानसखंड मंदिर माला मिशन’ योजना के तहत इन मंदिरों का कायाकल्प किया जा रहा है। इसके लिए कुल 1.41 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।
• ​आदि बद्रीनाथ मंदिर: ₹89.80 लाख
• ​पिपलेश्वर महादेव मंदिर: ₹51.41 लाख

आधारभूत ढांचे के साथ आस्था का सम्मान

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार “विकास और विरासत” के मंत्र पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने जोर देकर कहा, “सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं का निर्माण जितना महत्वपूर्ण है, हमारी आस्था के केंद्रों का संरक्षण भी उतना ही अनिवार्य है। हम अपनी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

साथ ही मंत्री ने विश्वास जताया कि सौंदर्यीकरण के इन कार्यों से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन बढ़ने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
​कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्होंने मंदिर सौंदर्यीकरण की इस पहल का स्वागत किया।