अल्मोड़ा: डीएम अंशुल सिंह ने किया EVM वेयर हाउस का औचक निरीक्षण, परखी सुरक्षा, सीसीटीवी और फायर सेफ्टी की हुई जांच

अल्मोड़ा: जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने बीते कल सोमवार को स्यालीधार स्थित ईवीएम वेयर हाउस का मासिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

इस दौरान उन्होंने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के रख-रखाव के लिए निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयर हाउस की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था का गहन परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा के तय प्रोटोकॉल में किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए। डीएम ने वेयर हाउस में लगे कैमरों की कार्यशीलता को परखा और उनकी फीड की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। आग से बचाव के उपकरणों की उपलब्धता और उनकी एक्सपायरी डेट की जांच की। मशीनों के प्रवेश और निकास से संबंधित रजिस्टरों और दस्तावेजों के अद्यतन रखने पर जोर दिया।

लिया फीडबैक

​जिलाधिकारी ने केवल कागजी कार्यवाही ही नहीं देखी, बल्कि मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों से भी बातचीत की। उन्होंने उनके ड्यूटी चार्ट और रहने की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ड्यूटी पर तैनात जवानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि सुरक्षा में कोई मानवीय कमी न रहे। कहा कि ईवीएम वेयर हाउस की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। लॉक सिस्टम से लेकर सीसीटीवी तक, हर मानक का पालन संतोषजनक पाया गया है, जिसे भविष्य में भी बनाए रखा जाएगा।

रहें उपस्थित

इस दौरान तहसीलदार सदर ज्योति धपवाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत समेत संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।