अल्मोड़ा: जनपद के भ्रमण पर आए नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन के बेरी से आज जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शिष्टाचार भेंट की। कसार देवी स्थित एक निजी होटल में हुई इस मुलाकात के दौरान जनपद के विकास, आर्थिक स्थिति और भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
विकास के विभिन्न पहलुओं पर मंथन
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपाध्यक्ष को अल्मोड़ा की भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि से अवगत कराया। चर्चा में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और स्वच्छता जैसे बुनियादी ढांचों के सुदृढ़ीकरण पर जोर दिया गया। साथ ही ग्राम्य विकास, युवाओं के लिए रोजगार सृजन और तकनीकी विकास के माध्यम से पलायन रोकने जैसे विषयों पर सार्थक बातचीत हुई
जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित विकासात्मक योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ उनके क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों को भी नीति आयोग के समक्ष रखा। ‘वोकल फॉर लोकल’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए, जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने उपाध्यक्ष को स्थानीय उत्पादों से परिचित कराया। उन्होंने सुमन के बेरी को हिमाद्रि हैंडलूम द्वारा निर्मित पारंपरिक शॉल और अन्य पहाड़ी उत्पाद स्मृति चिह्न के रूप में भेंट किए।
प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना
नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन के बेरी ने अल्मोड़ा के प्राकृतिक सौंदर्य और यहां के स्वच्छ वातावरण की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने जनपद के विकास की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण साझा किया।
रहे मौजूद
इस भेंट के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) चंद्रशेखर आर. घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी (CDO) रामजी शरण शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) प्रदीप धौलाखंडी मौजूद रहें।