अल्मोड़ा: डायट परिसर स्थित खेल मैदान में आधुनिक पिच के निर्माण कार्य के निरीक्षण पर पंहुचे डीएम, कहा- जिले के युवाओं और खिलाड़ियों को मिले बेहतर खेल सुविधाएं

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने डायट परिसर स्थित खेल मैदान में आधुनिक पिच के निर्माण कार्य का मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और प्रगति का जायजा लिया।

बैठक का आयोजन

इस निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि खेल मैदान को गतिविधियों के लिए एक सुव्यवस्थित एवं आधुनिक मैदान के रूप में विकसित किया जाए, ताकि जिले के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने मैदान में खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए शेड तथा बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खेल क्षेत्र की सुरक्षा के दृष्टिगत खेल मैदान की की चैन लिंक फेंसिंग  कराए जाने को भी कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि मैदान में उच्च तकनीक से क्रिकेट की आधुनिक पिच तैयार की जा रही है, जिससे खिलाड़ियों को पेशेवर स्तर की सुविधाएं प्राप्त होंगी। इसके अतिरिक्त मैदान के समतलीकरण, ड्रेनेज व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने मैदान के नियमित रखरखाव के लिए ग्रास कटिंग मशीन और रोलर की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए , जिससे मैदान का रखरखाव सही तरीके से किया जा सके ।

दिए यह निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपलब्ध भूमि का इष्टतम उपयोग करते हुए मैदान को सुव्यवस्थित रूप से विकसित किया जाए तथा सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ तत्काल पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि मैदान में पिच के विकसित होने से जिले के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच मिलेगा और जिले में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।