अल्मोड़ा: सैलाखोला में अब नहीं रहेगी पीने के पानी की किल्लत, पार्षद‌ वंदना वर्मा की पहल से जीवन ज्योति अस्पताल के पास लगा नया वाटर कूलर

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में सैलाखोला वार्डवासियों और राहगीरों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। क्षेत्र की पार्षद वंदना वर्मा के निरंतर प्रयासों के बाद, जीवन ज्योति अस्पताल के समीप शीतल जल के लिए आधुनिक वाटर कूलर स्थापित हो गया है।

किया विधिवत उद्घाटन

इसी क्रम में आज सोमवार को नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा ने स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में इसका विधिवत उद्घाटन किया। इस वाटर कूलर के शुरू होने से न केवल स्थानीय निवासियों और राहगीरों को गर्मी व प्यास से राहत मिलेगी, बल्कि जीवन ज्योति अस्पताल आने वाले सैकड़ों मरीजों और उनके तीमारदारों को भी अब पीने के शुद्ध और ठंडे पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।

जताया आभार

उद्घाटन के दौरान नगर आयुक्त ने पार्षद के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना की। वहीं, स्थानीय बुजुर्गों, महिलाओं और नागरिकों ने इस पेयजल सुविधा का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।