अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा जिले में औषधि नियंत्रण विभाग और विधिक सेवा प्राधिकरण ने संयुक्त रूप से सुरक्षित दवा सुरक्षित जीवन अभियान के तहत मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण अभियान जारी है।
कफ सिरप सैंपल समेत एक्सपायर्ड दवाईयों की जांच की
इसी क्रम में आज शनिवार को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शचि शर्मा के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान फर्म स्वामियों को औषधियों के उचित भंडारण, एक्सपायर्ड दवाओं को अलग रखने और उनके सही निस्तारण के संबंध में कड़े निर्देश दिए गए। सचिव ने सभी मेडिकल प्रतिष्ठानों को प्रतिबंधित औषधियों की बिक्री न करने और बिना डॉक्टर की सलाह के कफ सिरप का विक्रय न करने के निर्देश दिए। औषधि निरीक्षक पूजा जोशी और उप चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत पांगती ने कहा कि पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को बिना डॉक्टर की सलाह के खांसी या जुकाम की कोई भी दवा न दी जाए। दो वर्ष से कम आयु के बच्चों में इन दवाओं का सामान्य उपयोग बिल्कुल भी अनुशंसित नहीं है। इसके अलावा मेडिकल स्टोर संचालकों के लाइसेंस भी चेक किए गए। साथ ही ग्राहकों को बिल उपलब्ध कराने और दुकानों में कैमरा लगवाने आदि निर्देश दिए।