अल्मोड़ा: बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व: बाजार मार्ग में निकला रावण परिवार के‌ पुतलों का जुलूस, ज्यूलोजी मैदान में होगा दहन

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में आज विजयदशमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया।

रावण परिवार के 18 कलात्मक पुतलों को बाजार में घुमाया

इस अवसर पर बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक दशहरा पर्व पर स्थानीय कलाकारों ने रावण परिवार के 18 कलात्मक पुतलों का निर्माण कर बाजार में घुमाया। रावण परिवार का ऐतिहासिक जुलूस एक-एक कर शिखर तिराहा स्थित नगर पालिका के पार्किंग स्थल पर पहुंचाना शुरू हुआ। शाम चार बजे शिखर तिराहे पर मुख्य अतिथि वरिष्ठ रंगकर्मी चंद्रकांत जोशी ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए पुतलों को रवाना किया। दशहरा महोत्सव के दौरान एसएसपी देवेंद्र पींचा के निर्देशन पर अल्मोड़ा मुख्य बाजार, ज्यूलोजी मैदान में पुलिस बल चाक चौबद रही।

बड़ी संख्या में उमड़ी भीड़

इस मौके पर दूर दराज गांवों से भी रावण परिवार के पुतले देखने के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी। जुलूस में शामिल लोग ढोल, नगाड़ों की धुन पर आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान जय श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया था। पुतलों के साथ-साथ चल रहे राम डोले पर लोगों ने जमकर पुष्प वर्षा की। शिखर तिराहे से रावण परिवार के पुतलों का जुलूस भारी भीड़ के बीच मिलन चौक, लाला बाजार, लोहा शेर, कारखाना बाजार, जौहरी बाजार, गंगोला मोहल्ला, थाना बाजार, मालरोड होते हुए एसएसजे परिसर के ज्यूलोजी खेल मैदान तक पहुंचा। यहा हजारों लोगों के बीच देर शाम एक-एक कर पुतलों का दहन किया जाएगा।

कलाकारों की शानदार प्रस्तुति

वहीं दशहरा महोत्सव समिति की ओर से हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, समिति अध्यक्ष अजीत कार्की, विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, पूर्व विस उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने किया। इसके बाद महोत्सव में लोक कलाकारो ने एक से बढ़कर एक कुमाऊनी और गढ़वाली गीतों में नृत्य की प्रस्तुतियां दी। वहीं, प्रसिद्ध लोक गायक इंदर आर्या ने गुलाबी सरारा…., हे मधु…. समेत कई कुमाऊनी-गढ़वाली गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी।