अल्मोड़ा: मटेला आंगनबाड़ी केंद्र में अंडों की गुणवत्ता मिली सही, जांच में निराधार पाए गए आरोप

अल्मोड़ा: विकासखंड हवालबाग के मटेला आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को वितरित किए जा रहे अंडों की गुणवत्ता को लेकर सोशल मीडिया और समाचारों में चल रही शिकायतें जांच में गलत पाई गई हैं।

की जांच

इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देश पर जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहाँ लाभार्थियों और अभिभावकों ने अंडों की गुणवत्ता पर संतोष जताया। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद, बाल विकास परियोजना अधिकारी और सुपरवाइजर के साथ मटेला केंद्र पहुंचे। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्राम प्रधान भी मौजूद रहे। टीम ने केंद्र में स्टॉक किए गए पोषाहार और अंडों का भौतिक सत्यापन किया।

किया संवाद

​जांच टीम ने केंद्र में मौजूद लाभार्थियों और उनके अभिभावकों से सीधे संवाद किया। इस दौरान‌ अभिभावकों ने स्पष्ट किया कि उन्हें मिल रहे अंडे सही और खाने योग्य हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी भी प्रकार की अनियमितता या खराब गुणवत्ता से साफ इनकार किया। शिकायतकर्ता द्वारा उठाए गए बिंदुओं की पड़ताल के बाद भी अंडों में कोई कमी नहीं पाई गई।
​पीताम्बर प्रसाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में समाचार और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। विभाग पोषाहार की गुणवत्ता को लेकर बेहद गंभीर है और नियमित निगरानी की जा रही है।

​भ्रम न फैलाने की अपील

​जिला प्रशासन और बाल विकास विभाग ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत या सूचना तथ्यों के आधार पर ही साझा करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना तथ्यों के फैलाई गई खबरों से जनता के बीच अनावश्यक भ्रम पैदा होता है। फिलहाल, मटेला केंद्र में पोषहार वितरण सुचारू रूप से जारी है।