अल्मोड़ा: नगर की व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने और जनसमस्याओं के समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज बुधवार को अल्मोड़ा के मुख्य बाजार का स्थलीय निरीक्षण किया।
शौचालय निर्माण के लिए चिन्हित किए स्थल
इस भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता से सीधा संवाद कर विकास कार्यों का फीडबैक लिया और उनकी समस्याओं को सुना। बाजार में सार्वजनिक शौचालयों की कमी को देखते हुए जिलाधिकारी ने विशेष संजीदगी दिखाई। उन्होंने बाजार के विभिन्न हिस्सों का पैदल भ्रमण कर शौचालय निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने मौके पर ही कुछ स्थलों का चयन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शौचालय कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए तत्काल आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा कर निर्माण कार्य शुरू किया जाए।
अतिक्रमण और लटकते तारों पर दिखे सख्त
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाजार में अव्यवस्थित ढंग से झूलते बिजली के तारों और बेतरतीब फड़-फेरी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि शहर की नियमित और वैज्ञानिक ढंग से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। दुर्घटना का सबब बन रहे बिजली के झूलते तारों को तुरंत व्यवस्थित किया जाए। निर्धारित सीमा से बाहर फड़ लगाने वालों और स्थायी अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए।
जनता की सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि प्रशासन का मुख्य ध्येय नगरवासियों को एक बेहतर, स्वच्छ और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं के विस्तार में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि नगरवासियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और शहर का सुंदरीकरण हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए जो भी आवश्यक कदम होंगे, उठाए जाएंगे।
रहें उपस्थित
इस अवसर पर नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।