अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड प्रकाश चंद्र ने आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) व सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) के साथ की।
दिए जरूरी निर्देश
इस समीक्षा बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि पुनरीक्षण कार्यक्रम को सुचारु रूप से संचालित करने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में सटीकता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए समुचित मार्गदर्शन, पर्याप्त कार्मिक व्यवस्था तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए। उन्होंने ईआरओ नेट के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का निस्तारण करने तथा पारदर्शिता और स्पष्टता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
दिया यह विवरण
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने अपने अपने क्षेत्रों में किए कार्यों का विवरण दिया। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने प्रत्येक मतदाता से समन्वय, संवाद तथा पहुंच की विषय वस्तु पर जनपद के समस्त 6 विधानसभा क्षेत्रों में वर्ष 2025 के मतदाताओं को वर्ष 2003 की मतदाता सूची से किए गए मैपिंग कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में 91 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग का कार्य किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि ईआरओ नेट के मध्यम से 31 जनवरी 2026 तक जनपद में 18703 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें से 15984 आवेदन निस्तारित कर दिए गए हैं तथा अन्य आवेदनों पर कार्यवाही जारी है।
रहें उपस्थित
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत, तहसीलदार अल्मोड़ा ज्योति धपवाल, सोमेश्वर नेहा धपोला सहित अन्य उपस्थित रहे।