अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है यहां अल्मोड़ा में भाजपा जिलाध्यक्ष पद के लिए सरगर्मियां तेज हो गई है। ऐसे में अध्यक्ष पद हासिल करने की होड़ लग गई है। कई दावेदार पद पाने के लिए लॉबिंग के लिए देहरादून के चक्कर काटने शुरू कर दिए हैं।
जल्द ही नए जिलाध्यक्ष का हो जाएगा ऐलान
पार्टी स्तर पर भाजपा जिलाध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ नेताओं की रायशुमारी हो रही है। इसमें आठ लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। अगर सब ठीक रहा तो जल्द ही जिलाध्यक्ष का ऐलान हो जाएगा। बाद में जिला कार्यकारिणी मंडल और मोर्चा पदाधिकारियों की घोषणा किए जाने की संभावना है। वहीं, कई गुटों में बंटे कार्यकर्ताओं के बीच एक दूसरे के साथ शह मात का खेल चल रहा है।
अध्यक्ष पद के लिए आधा दर्जन से अधिक दावेदार दौड़ में शामिल
बीते दिनों जिला उपाध्यक्ष और अध्यक्ष के बीच अंतरकलह खुलकर सामने आई थी। बताया जा रहा है कि गुटों में बंटे कार्यकर्ता एक-दूसरे को मात देने के लिए शतरंज की चालें चल रहे हैं। वहीं, अध्यक्ष पद के लिए आधा दर्जन से अधिक दावेदार दौड़ में शामिल है। इस बार पार्टी हाईकमान भी फूंक-फूंककर कदम रख रही है, जबकि इस बार ग्रामीण क्षेत्र से अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं का बाजार गर्म है।
कार्यकर्ता लॉबिंग में जुटे
जिलाध्यक्ष पद की कुर्सी पर कब्जे के लिए कार्यकर्ता अपने-अपने नेता के लिए लॉबिंग कर रहे हैं। हालांकि भाजपा संगठन के हिसाब से इस बार रानीखेत अलग जिला घोषित किया गया है। वहां भी आठ दावेदारों ने अध्यक्ष पद पर अपनी ताल ठोकी है।
शारदीय नवरात्र में नये जिलाध्यक्ष की घोषणा होने की संभावना- रवि रौतेला
रवि रौतेला, जिलाध्यक्ष भाजपा अल्मोड़ा ने बताया कि भाजपा में प्रवेक्षकों ने जिलाध्यक्ष पद के लिए कार्यकर्ताओं से फीड बैक ले लिया है। शारदीय नवरात्र में नये जिलाध्यक्ष की घोषणा होने की संभावना है।