अल्मोड़ा: युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: अब जर्मनी में मिलेगी लाखों की नौकरी, शुरू हुआ निःशुल्क जर्मन भाषा प्रशिक्षण

अल्मोड़ा: उत्तराखंड सरकार की प्रमुख (Flagship) योजनाओं में से एक “मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना” तथा विधानसभा में विभागीय मंत्री जी द्वारा की गई घोषणा के क्रम में जनपद अल्मोड़ा में युवाओं को जर्मनी में रोजगार हेतु तैयार करने के उद्देश्य से जर्मन भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है, ताकि पर्वतीय क्षेत्र के युवाओं को वैदेशिक रोजगार हेतु प्रशिक्षित कर बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।

युवा उठाएं लाभ

जिला सेवायोजन अधिकारी विक्रम ने बताया कि इसी क्रम में दिनांक 13 मई, बुधवार को एक ओरियंटेशन प्रोग्राम आयोजित किया गया, जिसमें उप निदेशक चंद्रकांता, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग एवं भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में वैदेशिक सेवा हेतु पंजीकृत संस्था Border Plus की ओर से नवदीप मिश्रा तथा 30 से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया।कार्यक्रम के दौरान Border Plus संस्था के प्रतिनिधि नवदीप मिश्रा द्वारा जर्मन भाषा प्रशिक्षण एवं जर्मनी में रोजगार/प्लेसमेंट से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा अभ्यर्थियों की विभिन्न क्वेरी का समाधान भी किया गया। उप निदेशक चंद्रकांता, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा भी अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत रूप से अवगत कराया गया तथा जर्मनी में रोजगार हेतु विभाग की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किए जाने की बात कही गई।इस अवसर पर अजय खंडूड़ी द्वारा भी अभ्यर्थियों को जर्मनी में रोजगार हेतु प्रेरित किया गया तथा युवाओं को इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने हेतु प्रोत्साहित किया गया।

दी यह जानकारी

सेवायोजन अधिकारी  विक्रम द्वारा अवगत कराया गया कि जर्मनी में नर्सिंग पदों हेतु केवल B.Sc Nursing एवं GNM उत्तीर्ण अभ्यर्थी ही प्रतिभाग करने के पात्र होंगे। प्रशिक्षण की अवधि लगभग 7 से 8 माह निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत चयनित अभ्यर्थियों को जर्मनी में लगभग ₹2.5 लाख प्रतिमाह से वेतन प्राप्त होने की संभावना है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क संचालित किया जा रहा है। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जर्मन भाषा प्रशिक्षण हेतु प्रवेश प्रक्रिया कल से प्रारंभ की जाएगी। इसके उपरांत अभ्यर्थियों का स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया जाना प्रस्तावित है, जिसकी तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।इसके अतिरिक्त, जनपद अल्मोड़ा में शीघ्र ही जापानी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम भी प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित है, जिसके लिए 12वीं उत्तीर्ण एवं ANM अभ्यर्थी पात्र होंगे।