प्रदेश में जंगली जानवरों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। अब खबर रानीखेत से आ रही है यहां बाइक से घर लौटने के दौरान ग्रामीण के सामने गुलदार आ धमका, इसी बीच व्यक्ति खाई में जा गिरा। ग्रामीणों और राजस्व पुलिस ने मिलकर सर्च अभियान चलाया जिसके बाद व्यक्ति दो सौ मीटर गहरी खाई से बरामद हुआ और उसे चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
असंतुलित होकर खाई में गिरा ग्रामीण
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील मुख्यालय समीपवर्ती तड़ी गनियाद्योली निवासी भीम सिंह नेगी रविवार शाम बाइक से अपने गांव की ओर जा रहा था तभी सिंगोली-चलसिया पडोली मोटर मार्ग पर काला पहाड़ के पास पहुंचा ही था कि जंगल से गुलदार सड़क पर आ धमका। गुलदार को सामने देख भीम सिंह का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत खाई में गिर गए। काफी समय होने के जब भीम सिंह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता सताने लगी उसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने मिलकर खोजबीन शुरू की उनका कोई सुराग नहीं लगा जिसके बाद राजस्व पुलिस को मामले की जानकारी दी गई ।
रातभर चलाया सर्च अभियान
राजस्व पुलिस द्वारा व ग्रामीणों ने मिलकर रातभर भीम सिंह की तलाश की। जिसके बाद सुबह करीब 9 बजे के आसपास भीम सिंह बदहवास हालत में खाई में गिर हुए दिखे। कड़ी मशक्कत के बाद भीम सिंह को खाई से बाहर निकाला गया। और उन्हें गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय पहुंचाया गया।