अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
महिला को किया हल्द्वानी रेफर
मिली जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार रात एक प्रसव पीड़िता जिले के तीन अस्पतालों के चक्कर काटती रही, लेकिन किसी में भी प्रसव नहीं हो पाया। प्रशासन प्रधान छाना भूपाल सिंह बोरा ने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे मासी क्षेत्र के गांव डुबरी निवासी आशा रावत को प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उसे तत्काल सीएचसी चौखुटिया ले आए। यहां ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक ने ऑपरेशन के संसाधन नहीं होने की बात कहते हुए रानीखेत उपजिला अस्पताल ले जाने को कहा। जिसके बाद 108 की मदद से रात नौ बजे प्रसूता को उप जिला अस्पताल रानीखेत लाया गया। यहां भी उसे राहत नहीं मिली और डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज बेस ले जाने के लिए कह दिया। बेस अस्पताल से महिला को हल्द्वानी रेफर किया गया। जिसके बाद उसे एचटीएच हल्द्वानी ले जाया गया। जहां शनिवार सुबह महिला ने एक स्वस्थ्य बच्चे को जन्म दिया।स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर लोगों में शासन-प्रशासन के खिलाफ आक्रोश बना हुआ है।