अल्मोड़ा: अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चौसली-क्वारब के प्रसिद्ध हनुमान गढ़ी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। कल हनुमान जन्मोत्सव है।
अखंड रामायण पाठ शुरू
वहीं हनुमान जयंती की पूर्व संध्या पर आज बुधवार सुबह से मंदिर परिसर में 24 घंटे का अखंड रामायण पाठ प्रारंभ हो गया है, जो गुरुवार को जन्मोत्सव के समापन तक निरंतर जारी रहेगा। बुधवार सुबह से शुरू हुआ रामायण पाठ अगले 24 घंटों तक चलेगा। मंदिर के पुरोहित ने बताया कि इस मंदिर में हनुमान जी पंचमुखी रूप में विराजमान हैं, जो श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र हैं। मान्यता है कि इस पाठ से पूरे क्षेत्र में दिव्य शक्ति का संचार होगा और प्रभु श्री राम व हनुमान जी की कृपा से क्षेत्रवासियों को संकटों से मुक्ति मिलेगी।
हनुमान जन्मोत्सव पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन
मंदिर समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कल गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। रामायण पाठ के समापन के बाद भव्य सुंदरकांड का आयोजन होगा। पूजा के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है। मंदिर पुरोहित ने बताया कि इस पाठ के माध्यम से अल्मोड़ा के वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का वास होगा और क्षेत्र में खुशहाली आएगी।
रहें उपस्थित
इस धार्मिक अनुष्ठान के शुभारंभ पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें मेयर अजय वर्मा, मनोज सिंह पवार, हिमांशु साह, अरविंद जोशी, राजेंद्र सिंह, मदन सिंह रावत, अंकित पांडे और अरविंद कनवाल मुख्य रूप से शामिल रहें।