अल्मोड़ा: दोहरी पेंशन ले रहे लाभार्थियों को अंतिम अवसर, इतने अप्रैल तक स्पष्ट करना होगा अपना पक्ष

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले में समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजनाओं में पारदर्शिता लाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि जिले के ऐसे ‘दोहरी पेंशन’ धारकों, जिनकी पेंशन वर्तमान में रोक दी गई है, उन्हें अपना पक्ष रखने का एक अंतिम अवसर दिया जा रहा है।
जांच के घेरे में दोहरी पेंशन धारक

​दरअसल, बड़ी संख्या में ऐसे मामले सामने आए हैं जहाँ लाभार्थी सेवानिवृत्त पेंशन, पारिवारिक पेंशन, राज्य आंदोलनकारी या स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पेंशन प्राप्त करने के साथ-साथ समाज कल्याण विभाग की वृद्धावस्था या विधवा पेंशन का लाभ भी ले रहे थे। नियमों के उल्लंघन के चलते उच्च स्तरीय समिति इन मामलों की जांच कर रही है। नियत समय तक जवाब न देने वाले लाभार्थियों के विरुद्ध जांच समिति के निर्णय के अनुसार स्थायी कार्रवाई की जाएगी।

‘नैसर्गिक न्याय’ के तहत मिला मौका

​जिला समाज कल्याण अधिकारी ने स्पष्ट किया कि ‘नैसर्गिक न्याय’ के सिद्धांत का पालन करते हुए इन लाभार्थियों को सुना जाएगा। उन्हें यह बताना होगा कि किन परिस्थितियों में वे दोहरी पेंशन प्राप्त कर रहे थे।
प्रक्रिया और समय सीमा:
• ​दस्तावेज: लाभार्थियों को ₹10 के ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर अपना लिखित पक्ष प्रस्तुत करना होगा।
• ​कहाँ जमा करें: यह शपथ पत्र संबंधित सहायक समाज कल्याण अधिकारी या खंड विकास अधिकारी (BDO) के माध्यम से जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय को भेजना होगा।
• ​अंतिम तिथि: अपना पक्ष रखने के लिए 04 अप्रैल, 2026 तक का समय अनिवार्य रूप से निर्धारित किया गया है।