आज भाजपा नगर महामंत्री संजय साह रिक्खू द्वारा जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा गया । ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने कहा कि टैक्सी स्टैण्ड का कार्य प्रगति पर चल रहा है। लम्बे समय से अल्मोड़ा नगर के व्यापारियों की भी यह माँग रही है, वहीं आज अल्मोड़ा नगरपालिका द्वारा बड़ी-बड़ी गाड़ियों के माध्यम से अपने नगर को साफ एवं स्वच्छ बनने में नगरवासी अपना पूर्ण सहयोग करें जैसा प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। बड़े दुःख के साथ आपको यह भी अवगत कराना है कि अगर किसी गरीब असहाय व्यक्ति से थोडा गटर का पानी लीक हो जाता है और थोड़ी सी गंदगी हो जाती है तो पालिका द्वारा अपने सेनेटरी निरीक्षक के माध्यम से सम्बन्धित के खिलाफ चालान से लेकर दण्डात्मक कार्यवाही तुरन्त कर दी जाती है। वहीं निर्माणाधीन टैक्सी स्टैण्ड के धनाढ्य ठेकेदार के कर्मचारियों के द्वारा खुले में एक टिन शेड बनाकर और उसका पाईप सीधे नाली में डालकर लगभग रोज 20 से 25 मजूदरों द्वारा इस खुले शौचालय का रोजाना उपयोग किया जा रहा है।

बार बार आग्रह के बाद भी जिम्मेदार व्यक्तियों के कान में जूं तक नहीं रेंगी
नगरपालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी सहित सभी को मौखिक रूप से कई बार शिकायत कर दी गयी है परन्तु बड़े दुःख के साथ आपको सूचित करना पड़ रहा है कि बार-बार आग्रह करने के उपरान्त भी इन दोनों जिम्मेदार व्यक्तियों के कान में जूं तक नहीं रेंग रही है। नगरपालिका पूँजीपतियों के हाथ की कठपुतली बनकर रह गयी है। आम जनमानस के दुःख तकलीफ से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं है। प्रातः काल में छोटे-छोटे बच्चे अपने माता-पिता के साथ स्कूलों को इसी रास्ते आते-जाते हैं। इस दुर्गंध से अपने आपको बचा पाना एक चुनौती बना हुआ है। पालिका आज धनाढ्य लोगों के हाथ की कठपुतली मात्र बनकर रह गयी है। आज जनता की परेशानियों से पालिका का कोई सरोकार नहीं है। अब जनहित को देखकर मजबूरन आपसे अनुरोध है कि भयावह गर्मी को देखते हुए, बच्चों एवं जनता के स्वास्थ्य को देखते हुए आप अपने स्तर से इस कच्चे शौचालय को हटाने के लिए नगरपालिका को निर्देशित करने की कृपा करें जिससे की आम जनमानस का विश्वास जिला प्रशासन पर हमेशा बना रहे अन्यथा मजबूरन होकर खोल्टा में निवास करने वाले सभी लोगों को एकजुट करके आन्दोलन छेड़ दिया जायेगा जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी नगरपालिका अध्यक्ष की होगी।
ठेकेदार के मुंशी द्वारा मिट्टी सहित रेता, रोड़ी को मिलाकर उसका पूरा उपयोग किया जा रहा है
उन्होंने कहा कि ठेकेदार के मुंशी द्वारा जो रोड़ी व रेता टैक्सी स्टैण्ड को बनाने के लिए इस्तेमाल की जा रही है वह सामग्री पूर्णतः मिट्टी में मिक्स हो रही है। ठेकेदार के मुंशी द्वारा मिट्टी सहित रेता, रोड़ी को मिलाकर उसका पूरा उपयोग किया जा रहा है। टनों के हिसाब से खोदी गयी मिट्टी को भी भरान के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। जबकि गीली मिट्टी को ट्रकों के माध्यम से अन्यत्र फेकने की व्यवस्था करनी चाहिए। भरान के लिए पत्थर या रोड़ी का उपयोग करना चाहिए ताकि मजबूती बने रहे और भविष्य में शीलन से भी बचा जा सके। ट्रकों के हिसाब से गीली मिट्टी को अन्यत्र हटाने की भी व्यवस्था ठेकेदार द्वारा की जानी चाहिए।
वास्तव में कार्य की गुणवत्ता का हो सके आकलन
उन्होंने कहा की महोदया आपसे विनम्र निवेदन है कि जनहित को देखते हुए एवं गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए अपने अधीनस्थ अधिकारी द्वारा निर्माणाधीन टैक्सी स्टैण्ड का मुआयना कराने की कृपा करें जिससे की वास्तव में कार्य की गुणवत्ता का आकलन हो सके एवं मजबूत, टिकाऊ टैक्सी स्टैण्ड का निर्माण हो सके, जिसके लिए समस्त बद्रेश्वर वार्ड में निवास करने वाले हमेशा आपके आभारी रहेंगे।