अल्मोड़ा जिले से जुड़ी खबर सामने आई हैं। यहाँ नगर से लेकर गांवों तक बढ़ती तेंदुए की दहशत से लोग परेशान हैं। द्वाराहाट के बेढूली में एक बुजुर्ग महिला पर घर के पास तेंदुए ने हमला कर दिया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजनों और अन्य ग्रामीणों ने शोर मचा कर बचाई वृद्धा की जान
बेढूली गांव निवासी 70 वर्षीय रुकमा देवी पत्नी स्व. मान सिंह सुबह अपने घर के पास ही खेत में जा रही थीं। इसी बीच खेत में घात लगाए तेंदुए ने उन पर पीछे से हमला कर दिया। महिला की चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और अन्य ग्रामीण शोर मचाते हुए घटनास्थल की ओर दौड़े जिस पर तेंदुआ भाग गया। हमले से महिला घायल हो गईं और तेंदुए ने पंजों से उनके हाथ, पांव और पीठ में गहरे घाव कर दिए। ग्रामीणों की मदद से घायल को सीएचसी ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रवि शंकर सिंह ने बताया कि अब उनकी हालत खतरे से बाहर है। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गश्त करते हुए तेंदुए की सक्रियता का पता लगाने में जुटी रही।
पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, रेस्क्यू सेंटर भेजा गया
ग्रामीणों की मांग के बाद वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया। छह घंटे बाद ही तेंदुआ पिंजरे में हो गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को कब्जे में लिया और उसे जिला मुख्यालय के रेस्क्यू सेंटर भेजा।