अल्मोड़ा: कल एक घंटा अंधेरे में रहेगा अल्मोड़ा; पर्यावरण संरक्षण के लिए डीएम की खास मुहिम

अल्मोड़ा: पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए जनपद अल्मोड़ा कल यानी 28 मार्च को वैश्विक अभियान ‘अर्थ आवर’ (Earth Hour) में अपनी भागीदारी दर्ज कराएगा। शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जनपदवासियों और सभी सरकारी संस्थानों से इस मुहिम में जुड़ने का आह्वान किया है।

​किया यह आह्वान

जिलाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, अर्थ आवर का आयोजन शनिवार रात्रि 8:30 बजे से 9:30 बजे तक किया जाएगा। इस एक घंटे के दौरान सभी से अनावश्यक बिजली उपकरणों और लाइटों को बंद रखने का आग्रह किया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य इस वैश्विक पहल का प्राथमिक उद्देश्य जनसामान्य को जागरूक करना है। जिसमें-
• ​ऊर्जा की बचत: बिजली की खपत कम कर प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव घटाना।
• ​पर्यावरण संरक्षण: जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के प्रति सजगता बढ़ाना।
• ​संसाधनों का संवर्धन: भविष्य के लिए ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देना।

जिलाधिकारी के निर्देश

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे शासन की मंशा के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करें और शासकीय कार्यालयों में इस दौरान गैर-जरूरी लाइटें बंद रखें। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से भावुक अपील करते हुए कहा है कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि एक सामूहिक कर्तव्य है। उन्होंने अल्मोड़ा की जनता से शनिवार रात एक घंटे के लिए स्वेच्छा से लाइटें बंद कर इस मुहिम में सक्रिय सहभागिता निभाने को कहा है।