अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना (एसएसजे) विश्वविद्यालय में तब हड़कंप मच गया, जब निवर्तमान कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट का कार्यकाल पूरा होने से ठीक पहले विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर नए कुलपति की नियुक्ति की सूचना प्रसारित कर दी गई।
अपलोड हुई यह जानकारी
मिली जानकारी के अनुसार वेबसाइट पर जारी अपडेट में दावा किया गया कि प्रो. ऋषिकेश टी. कृष्णन को विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया गया है और उन्होंने पदभार ग्रहण कर लिया है। बिना पुराने कुलपति का कार्यकाल समाप्त हुए और बिना किसी आधिकारिक विज्ञप्ति के नए कुलपति की नियुक्ति की खबर देखते ही शैक्षणिक गलियारों में खलबली मच गई। मामला सामने आते ही विश्वविद्यालय प्रशासन तुरंत हरकत में आया और वेबसाइट से इस भ्रामक सूचना को हटवाया गया। इस संबंध में मामले पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. डीएस बिष्ट ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वेबसाइट को अपडेट करने का कार्य चल रहा था और डाटा अपलोडिंग के दौरान संबंधित कंपनी से यह गलती हुई है। उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही संबंधित कंपनी को तुरंत निर्देश देकर गलत सूचना को वेबसाइट से हटवा दिया गया है।
कैसे हुई यह बड़ी लापरवाही
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, छात्र-छात्राओं को घर बैठे आसानी से सूचनाएं उपलब्ध कराने के लिए वेबसाइट के नवीनीकरण और डाटा अपडेट का कार्य एक निजी कंपनी को सौंपा गया था। डाटा अपडेट करने के दौरान कंपनी की ओर से यह तकनीकी लापरवाही हुई, जिसके तहत नए कुलपति की नियुक्ति का गलत विवरण अपलोड हो गया।