भतरौजखान (अल्मोड़ा): अल्मोड़ाजनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रैश ड्राइविंग कर भाग रहे एक नाबालिग बुलेट सवार ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक को संरक्षण में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
तेज रफ्तार और लापरवाही का तांडव
यह घटना 21 मार्च 2026 की है, जब एसएसपी अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देशानुसार थानाध्यक्ष अवनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम छोटी घट्टी तिराहा पर सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली नंबर की एक बुलेट पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन पकड़े जाने के डर से उन्होंने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और भतरौजखान की ओर भाग निकले।
ड्यूटी पर तैनात जवान घायल
संदिग्ध बाइक को रोकने के लिए आगे मौजूद पुलिस बल को सतर्क किया गया। भतरौजखान में तैनात होमगार्ड जवान श्याम सुंदर ने जब बाइक को रोकने का प्रयास किया, तो बेकाबू बुलेट सवार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि होमगार्ड श्याम सुंदर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बाइक सवार विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग चालक) को संरक्षण में लिया और उसके साथ मौजूद 19 वर्षीय प्रदीप सिंह को भी मौके पर ही दबोच लिया। थाना भतरौजखान में FIR No- 05/26 के तहत धारा 109 और 121(2) (BNS) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने चालक के परिजनों को तलब किया है और वाहन स्वामी के विरुद्ध भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों को वाहन देना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है। अभिभावकों से अपील है कि वे नियमों का सख्ती से पालन करें।