अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। जनपद अल्मोड़ा के विकासखंड ताड़ीखेत अंतर्गत न्याय पंचायत बिल्लेख में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।
शिविर का आयोजन
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर मौके पर ही सेवाएं प्रदान की गईं। इस दौरान 1123 लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। वहीं शिविर में कुल 468 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 248 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया। इसके साथ ही शिविर में विभिन्न प्रमाणपत्रों (जैसे जाति, आय, निवास आदि) हेतु 77 आवेदन पत्र भरवाए गए तथा नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।
सुनी समस्याएं
शिविर में विधायक रानीखेत प्रमोद नैनवाल तथा संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत गौरी प्रभात ने शिविर में पहुंचकर शिकायतें सुनी तथा उनका समाधान करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। वहीं विकासखंड सल्ट की न्याय पंचायत क्वेराला में भी बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया तथा लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाए जाने के साथ साथ प्राप्त 276 शिकायतों में से 240 शिकायतों का निस्तारण किया गया। यहां आयोजित शिविर में उपजिलाधिकारी रिंकू बिष्ट ने लोगों की शिकायतें सुनी।