अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में जन जन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जनपद के तीन न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का आयोजन
विकासखंड भिकियासैंण की न्याय पंचायत पाली, चौखुटिया की वेतनधार तथा स्याल्दे की न्याय पंचायत गुदलेख में आयोजित शिविरों से बड़ी संख्या में आमजन ने लाभ उठाया। इन शिविरों से 1664 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इनमें न्याय पंचायत पाली में 949, गुदलेख में 179 तथा वेतनधार न्याय पंचायत में आयोजित शिविर से 536
लोग लाभान्वित हुए। विकास खंड भिकियासैन की न्याय पंचायत पाली में आयोजित शिविर में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रतिभाग किया गया तथा संबंधित व्यवस्थाओं एवं योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया गया।
विभिन्न ग्रामों का किया स्थलीय निरीक्षण
मुख्य विकास अधिकारी के आगमन पर कार्यक्रम में सभी विभागों के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को दिया गया तथा आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जन समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके उपरांत मुख्य विकास अधिकारी द्वारा न्याय पंचायत पाली के अंतर्गत विभिन्न ग्रामों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं तथा योजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक अनिवार्य रूप से पहुंचे। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाना है, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जा सके और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।