अल्मोड़ा: राजेंद्र सिजवाली के नाम बड़ी उपलब्धि, चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग में दिया अहम योगदान

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। 23 अगस्त को भारत ने इतिहास रचा। इस दिन भारत के मिशन चंद्रयान-3 ने चांद पर सफल लैंडिंग की। चंद्रयान-3 ने चांद के साउथ पोल पर सफल लैंडिंग की।

राजेंद्र ने विकसित किया पावर सिस्टम

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग में अल्मोड़ा के राजेंद्र सिजवाली का भी योगदान है। जिले के दूरस्थ गांव के एक युवक ने सरकारी विद्यालय में पढ़कर चंद्रयान-3 की टीम में शामिल होकर मिसाल पेश की है। वर्ष 2005 में उनका इसरो में वैज्ञानिक पद पर चयन हो गया। उनकी तैनाती अंतरिक्ष उपयोग केंद्र अहमदाबाद में है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसरों के चंद्रयान-3 मिशन टीम में शामिल वैज्ञानिकों में धौलादेवी विकासखंड के पुनौली निवासी वैज्ञानिक राजेंद्र सिंह सिजवाली भी हैं। राजेन्द्र ने पावर सिस्टम को विकसित करने में प्रमुख योगदान दिया है। राजेन्द्र ने विपिन त्रिपाठी कुमाऊं इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी द्वाराहाट से इलेक्ट्रॉनिक्स में बीटेक किया है।