अल्मोड़ा: एलपीजी गैस आपूर्ति में बाधा की कोई आशंका नहीं, अफवाहों से रहें दूर, पुलिस का गैस गोदाम एवं एजेंसियों पर सघन निरीक्षण अभियान जारी

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनावपूर्ण परिस्थितियों को लेकर सोशल मीडिया पर एलपीजी गैस की कमी से संबंधित भ्रामक संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं, जिससे आम जनता में अनावश्यक भ्रम एवं चिंता की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

दिए यह निर्देश

जिस पर एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के  द्वारा जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने थाना क्षेत्र में गैस गोदामों, गैस एजेंसियों एवं गैस आपूर्ति से संबंधित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए तथा गैस सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण करने अथवा अफवाह फैलाकर दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

किया जा रहा जागरूक

जिस क्रम में हरबन्स सिंह अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जनपद के थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में गैस गोदामों एवं गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही गैस वितरण व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेते हुए गैस एजेंसी संचालकों, कर्मचारियों एवं आमजन से संवाद कर उन्हें एलपीजी गैस की उपलब्धता के संबंध में सही जानकारी दी जा रही है। साथ ही गैस गोदामों में उपलब्ध स्टॉक, वितरण व्यवस्था तथा बुकिंग प्रक्रिया की जांच की जा रही है तथा यह सुनिश्चित किया गया कि जनपद में घरेलू एलपीजी गैस पर्याप्त है एवं गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारू रूप से संचालित हो रही है। साथ ही पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों, बाजार क्षेत्रों एवं गैस एजेंसियों के आसपास चेकिंग कर लोगों को अफवाहों से बचने तथा अनावश्यक गैस सिलेंडर का भंडारण न करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।