अल्मोड़ा:शहादत दिवस पर शहीद मेजर चित्रेश के सम्मान में नारों से क्षेत्र हुआ गुंजायमान, दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि

शहीद मेजर चित्रेश बिष्ट के बलिदान दिवस पर गुरुवार को उनके पैतृक गांव पीपली में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। शहीद के चित्र माल्यार्पण भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। मेजर चित्रेश के सम्मान में नारों से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। इस मौके पर शहीद स्मृति स्थल (मेजर स्टोन) का भी अनावरण किया गया। चित्रेश फाउंडेशन की तरफ से 45 मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति बांटी गई।

पैतृक गांव पीपली में चित्रेश स्मृति समिति की तरफ से श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया

        मूल रूप से ताड़ीखेत ब्लॉक के अटल आदर्श ग्राम पीपली निवासी मेजर चित्रेश बिष्ट 16 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर के लामगढ़ क्षेत्र में पाकिस्तान बॉर्डर एक्शन टीम द्वारा बिछाई गई आईईडी को डिफ्यूज करते वक्त 29 वर्ष की आयु में शहीद हो गए थे। बलिदान दिवस की चौथी वर्षगांठ पर गुरुवार को पैतृक गांव पीपली में चित्रेश स्मृति समिति की तरफ से श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत सहित गांव में रहने वाले शहीद के परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने चित्रेश का भावपूर्ण स्मरण किया गया । शहीद के चित्र का माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

चित्रेश की शहादत ने गांव व समूचा क्षेत्र गौरवान्वित किया

प्रमुख हीरा रावत ने कहा कि चित्रेश की शहादत ने गांव व समूचा क्षेत्र गौरवान्वित किया है। इस मौके पर ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, चित्रेश तेरा नाम रहेगा’ जैसे नारे ग्रामीणों ने शहीद के सम्मान में लगाए। कार्यक्रम के दौरान गांव में नवनिर्मित शहीद स्मृति स्थल (मेजर स्टोन) का अनावरण भी किया गया। कार्यक्रम में पड़ोस के गांव सरना के शहीद सिपाही बृजेश रौतेला के पिता दलबीर सिंह रौतेला को स्मृति स्वरूप में एक पौधा भेंट किया गया। चित्रेश फाउंडेशन की तरफ से ताड़ीखेत ब्लॉक में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले 45 मेधावी विद्यार्थियों को 11-11 सौ की छात्रवृत्ति के चेक भी वितरित किए गए। शहीद चित्रेश के परिवर के चाचा हरीश सिंह बिष्ट ने अतिथियों का आभार जतााया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान माया विद्यार्थी तथा संचालन अध्यापिका ज्योति साह और जीवन चंद्र तिवारी ने किया।

इस अवसर पर उपस्थित रहे

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक आत्रेय सायना, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के प्रतिनिधि ऑनरेरी कैप्टन हीरा सिंह, सूबेदार कैलाश चंद्र कांडपाल, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि मोहन सिंह बिष्ट, शहीद मेजर चित्रेश बिष्ट के परिजन गोपाल सिंह बिष्ट, राजेंद्र सिंह बिष्ट, रणजीत सिंह बिष्ट, जीवन सिंह बिष्ट, रतन सिंह बिष्ट, नंदन सिंह बिष्ट सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे।