अल्मोड़ा: एसएसपी के निर्देश पर फायर ब्रिगेड का व्यापक अभियान, गैस एजेंसियों और होमस्टे का किया गया फायर ऑडिट

अल्मोड़ा: जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से अल्मोड़ा पुलिस और फायर सर्विस द्वारा एक व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस का अभियान

वहीं एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में आज जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों और पर्यटन संस्थानों का संयुक्त निरीक्षण व फायर ऑडिट किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह कुंवर एवं प्रभारी अग्निशमन अधिकारी (अल्मोड़ा) ने संयुक्त रूप से धारानौला स्थित गैस एजेंसी, विश्वनाथ और ताकुला गैस एजेंसी का गहन ‘फायर रिस्क’ निरीक्षण किया। गैस एजेंसियों के अलावा टीम ने पर्यटन क्षेत्र पर भी ध्यान केंद्रित करते हुए महिंद्रा क्लब (बसोली) और जिनोंक होमस्टे (सिरकोट) का विस्तृत फायर ऑडिट किया।

​रानीखेत और चौखुटिया में भी चला अभियान

​इसी अभियान के तहत रानीखेत फायर स्टेशन के प्रभारी गणेश चंद्र द्वारा द्वाराहाट और चौखुटिया स्थित गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया। टीम ने वहां सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की। सभी संस्थानों में स्थापित अग्निशमन यंत्रों को चलाकर देखा गया, जो कार्यशील अवस्था में मिले। आपातकालीन प्रवेश और निकास द्वारों का भौतिक सत्यापन किया गया। सभी मार्ग अवरोध मुक्त और सुरक्षित पाए गए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों को सही ढंग से चलाने का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही संस्थान स्वामियों और प्रबंधकों को हिदायत दी गई कि वे सुरक्षा उपकरणों के रख-रखाव में कोताही न बरतें और आपातकालीन रास्तों को हमेशा खाली रखें।