अल्मोड़ा: जिले की एक महिला को तीलू रौतेली पुरस्कार और तीन महिलाओं को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार से किया जाएगा सम्मानित, देखें नाम

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। जिले की एक महिला को तीलू रौतेली पुरस्कार और तीन महिलाओं को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए चयन

मिली जानकारी के अनुसार इसमें नगर के जाखनदेवी निवासी मीता उपाध्याय का सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए चयन हुआ है। मीता वर्ष 2009 से 2018 तक सेंटर फाॅर गुड गवर्नेंस में जेंडर प्रकोष्ठ की प्रभारी रहीं और कई उल्लेखनीय कार्य किए। वह 1997 से 2002 तक नगर पालिका अल्मोड़ा में उपाध्यक्ष रहीं। वह बाल कल्याण समिति की सदस्य भी रही।

दी शुभकामनाएं

महिला कल्याण संस्था की ओर से संस्था की संरक्षिका मीता उपाध्याय को प्रतिष्ठित “तीलू रौतेली पुरस्कार” से सम्मानित किए जाने के उपलक्ष में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी व खुशी जाहिर की एंव शुभकामनाएं दीं। मीता उपाध्याय ने अपने मार्गदर्शन से समाज की अनगिनत महिलाओं के जीवन को नई दिशा दी है। उन्होंने महिला शिक्षा, स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता, जागरूकता और सशक्तिकरण के क्षेत्र में जो कार्य किए हैं, वे अनुकरणीय और प्रेरणादायी हैं। संस्था की अध्यक्षता रीता दुर्गापाल ने कहा उनका यह सम्मान न केवल उनके अथक मेहनत और समर्पण की पहचान है बल्कि उन सभी महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत भी है जो समाज में अपनी पहचान बनाने का प्रयास कर रही है हमें गर्व है कि संस्था को ऐसी मार्गदर्शिका मिली है जिनका जीवन संघर्ष और सेवा भाव सभी के लिए एक आदर्श है। मीटिंग के दौरान यह निर्णय भी लिया गया कि संस्था उनके कार्यों को और आगे बढ़ाने के लिए विशेष अभियान और कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाएगी, ताकि उनकी सोच और प्रयास समाज की हर महिला तक पहुँच सकें।

किया जाएगा सम्मानित

इसके अलावा जिले के धौलादेवी ब्लाॅक के आंगनबाड़ी केंद्र मैचून में बीते 14 सालों से सेवारत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता देवी का आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए चयन हुआ है। जिले के हवालबाग विकासखंड अंतर्गत मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बिमौला की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता तिवारी का भी पुरस्कार के लिए चयन हुआ है। ताड़ीखेत विकासखंड के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र पिलखोली द्वितीय की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सोनी फर्त्याल का चयन भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए हुआ है। कल चार सितंबर को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी और महिला सशक्तीकरण मंत्री रेखा आर्या चयनित महिलाओं को पुरस्कार प्रदान करेंगी।