अल्मोड़ा: जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले स्टंटबाजों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है।
एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के सख्त निर्देश पर जिले भर में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने तीन मॉडिफाइड बाइकों को सीज किया है और काली फिल्म लगी थार गाड़ी पर कार्रवाई की है। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले और वाहनों में अवैध संशोधन करने वालों को कतई न बख्शा जाए। विशेषकर बुलेट में ‘रेट्रो साइलेंसर’ लगाकर तेज आवाज निकालने वालों और शीशों पर काली फिल्म लगाकर चलने वालों पर पैनी नजर रखने को कहा गया है।
कोतवाली पुलिस की छापेमार
चेकिंग के दौरान 03 मोटर साइकिलें (बुलेट) ऐसी पाई गईं जिनमें अवैध रेट्रो साइलेंसर लगे थे। इन साइलेंसरों से होने वाले कानफोड़ू शोर से आम जनता और बुजुर्गों को भारी असुविधा हो रही थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों बाइकों को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया। अभियान के दौरान एक ‘थार’ कार भी पकड़ी गई, जिसके शीशों पर काली फिल्म लगी थी। पुलिस ने मौके पर ही फिल्म उतरवाई और चालक का चालान काटकर कड़ी चेतावनी दी।