अल्मोड़ा: पुलिस का जनपदभर में व्यापक चेकिंग अभियान जारी , 116 वाहन चालकों व 25 अन्य के किए चालान

​अल्मोड़ा: जनपद में अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 116 वाहन चालकों और पुलिस अधिनियम के तहत 25 व्यक्तियों के चालान काटे गए।
​
पुलिस की कार्यवाही

एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर 24 नवंबर की सुबह से ही प्रमुख मार्गों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग की गई। सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत और सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में सभी थाना/कोतवाली प्रभारियों व यातायात प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच व पूछताछ की। साथ ही बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। अभियान के दौरान शराब पीकर, तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई। दोपहिया वाहन चालकों व पीछे बैठने वालों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक भी किया गया। पुलिस ने यातायात नियम तोड़ने वाले 116 चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की। वहीं, अशांति फैलाने वालों और बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे बाहरी व्यक्तियों सहित कुल 25 लोगों के विरुद्ध उत्तराखण्ड पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
​
जारी रहेगा अभियान

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध और अव्यवस्था पर अंकुश लगाने के लिए यह सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।