फायर सीजन को लेकर अल्मोड़ा पुलिस सतर्क, होटलों और पेट्रोल पंपों का किया ‘फायर ऑडिट’

अल्मोड़ा: उत्तराखंड में आगामी फायर सीजन और वनाग्नि की संवेदनशीलता को देखते हुए अल्मोड़ा पुलिस और अग्निशमन विभाग ने कमर कस ली है। एसएसपी श्री चंद्रशेखर घोडके के निर्देशानुसार जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के लिए सघन फायर रिस्क निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

किया निरीक्षण

​मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) नरेंद्र सिंह कुंवर के पर्यवेक्षण में प्रभारी फायर स्टेशन मुकेश चतुर्वेदी की टीम ने बाड़ेछीना और गरुड़ाबाज क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक व निजी संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निम्नलिखित स्थानों पर फायर ऑडिट किया गया। जिसमें बोरा होटल, जानकी गेस्ट हाउस, जय शिव शक्ति गेस्ट हाउस, शिवओम रिसॉर्ट और निरंजन शर्मा रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बाड़ेछीना व हमारा पंप (बाड़ेछीना) और पेट्रोल पंप (गरुड़ाबाज) का निरीक्षण किया।

सुरक्षा के लिए दिए गए कड़े निर्देश

​निरीक्षण के दौरान फायर टीम ने अग्निशमन उपकरणों की भौतिक जांच की और पाया कि कुछ स्थानों पर रखरखाव में सुधार की आवश्यकता है। टीम द्वारा संबंधित स्टाफ को मौके पर ही आग बुझाने वाले सिलेंडरों के सही इस्तेमाल की ट्रेनिंग दी गई। सभी संस्थानों को निर्देशित किया गया कि वे अपने उपकरणों को हर समय ‘वर्किंग मोड’ में रखें। आग लगने की स्थिति में बिना घबराए बचाव कार्य शुरू करने और तत्काल फायर स्टेशन को सूचना देने के बारे में जागरूक किया गया।

​जनता से अपील

​फायर विभाग ने अपील की है कि गर्मी के मौसम (फायर सीजन) में विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी आपात स्थिति या आग की घटना होने पर तत्काल 101 या 112 नंबर पर संपर्क करें ताकि जान-माल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।