अल्मोड़ा: स्याल्दे विखौती मेले की तैयारियों को लेकर पुलिस मुस्तैद, सीओ रानीखेत ने ली समीक्षा बैठक

द्वाराहाट/रानीखेत: अल्मोड़ा में कल 13 अप्रैल से शुरू होने वाले ऐतिहासिक और पौराणिक स्याल्दे विखौती मेले को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है।

बैठक का आयोजन

इसी क्रम में सीओ रानीखेत  भावना कैंथोला ने कोतवाली द्वाराहाट में स्थानीय प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में सीएलजी सदस्यों, व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन, ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। सीओ रानीखेत ने मेले के सफल आयोजन को लेकर बताया कि मेले के दौरान लगने वाले जाम से निपटने के लिए यातायात प्रबंधन और पार्किंग स्थलों का निर्धारण किया गया है। भारी संख्या में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती पर चर्चा हुई। महिला सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

स्थानीय सुझावों पर त्वरित कार्रवाई

​बैठक के दौरान स्थानीय नागरिकों ने मेले से संबंधित विभिन्न सुझाव और समस्याएं रखीं। सीओ ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण हेतु निर्देशित किया। उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध घटना या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। सीओ रानीखेत ने बताया कि मेले की पवित्रता और सुरक्षा बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन और जनता के आपसी समन्वय से ही इस पौराणिक उत्सव को भव्य और सुरक्षित बनाया जा सकता है।

स्थानीय बाजार का भ्रमण

​बैठक के पश्चात सीओ रानीखेत ने मेला क्षेत्र और स्थानीय बाजारों का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया और प्रभारी निरीक्षक द्वाराहाट विनोद जोशी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रहें उपस्थित

इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी, एसएसआई मीना आर्या, चौकी प्रभारी बग्वालीपोखर धरम सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।