अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा स्थापित स्टैंडर्ड क्लब के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज हवालबाग में पोस्टर प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।
बताया खास उद्देश्य
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं मानकों के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।कार्यक्रम में पूर्व प्रधानाचार्य मदन सिंह मेर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय मानक हमारे दैनिक जीवन को अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनाते हैं। उन्होंने छात्रों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नवाचार और गुणवत्ता की समझ विकसित करते हैं। विशिष्ट अतिथि एवं विषय विशेषज्ञ के रूप में विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अनुराधा भारतीय ने मानकीकरण के वैज्ञानिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को बताया कि भविष्य की तकनीकी प्रगति भारतीय मानकों के प्रभावी अनुपालन पर निर्भर करती है।
दी यह जानकारी
उन्होंने कहा कि ISI, ISO, हॉलमार्क एवं AGMARK से उत्पादों कि गुणवत्ता सुनिश्चित की जाती है l हमें खरीददारी करते वक्त गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उनके प्रेरक वक्तव्य से छात्रों में उत्साह और जागरूकता दोनों बढ़े। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं स्टैंडर्ड क्लब के मेंटर डॉ. कपिल नयाल ने स्टैंडर्ड क्लब की गतिविधियों, गुणवत्ता संस्कृति के प्रसार और विद्यार्थियों को अवसर प्रदान करने की दिशा में विद्यालय की सतत पहल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय मानक ब्यूरो देहरादून के सहयोग से विद्यालय के स्टैण्डर्ड क्लब के माध्यम से लोगों में जागरूकता का प्रसार किया जा रहा है। विद्यालय भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखेगा।
प्रतियोगिता का आयोजन
प्रतियोगिता में 34 विद्यार्थियों ने भाग लिया और भारतीय मानकों पर आधारित अपने पोस्टरों के माध्यम से रचनात्मक एवं सारगर्भित संदेश प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति, संदेश की प्रभावशीलता, मौलिकता तथा विषय की समझ के आधार पर मूल्यांकन किया। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रियंका आर्या प्रथम स्थान पर कनिका आर्या द्वितीय स्थान पर, माही नेगी तृतीय स्थान पर और बर्खा आर्या चतुर्थ स्थान पर रहे। प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी को 1000 रूपये ,द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी को 750 रूपये, तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी को 500 रूपये और चतुर्थ स्थान प्राप्त प्रतिभागी को 250 रूपये का नकद पुरुस्कार दिया गया।
रहें उपस्थित
इस कार्यक्रम में को-मेंटर भगवत सिंह बगडवाल, टी डी भट्ट, कमलेश जोशी, सुनीता बोरा, भावना वर्मा, राकेश कुमार, हिमांती टम्टा, योगिता तिवारी, प्रीती लोहनी आदि उपस्थित रहें। कार्यक्रम का संचालन सुनीता बोरा ने किया।